Friday , August 21 2026

Dehradun Accident: मंदिर दर्शन के बाद घर लौट रहे थे सात लोग, हाईवे पर हादसे में चार की मौत; तीन घायल

देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लच्छीवाला स्थित माता मणिमाई मंदिर के पास हुआ, जहां हरियाणा नंबर की इको कार सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से जा टकराई। हादसे में मारे गए और घायल हुए सभी लोग हरियाणा के रोहतक के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद लौट रहे थे

पुलिस के अनुसार, हरियाणा से सात लोग मंगलवार को हरिद्वार घूमने आए थे। बुधवार सुबह सभी देहरादून स्थित टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए। दर्शन के बाद उन्हें हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौटना था।

वापसी के दौरान उनकी कार देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लच्छीवाला के पास पहुंची। इसी दौरान कार सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके एयरबैग खुल गए।

चालक को आ रही थी नींद की झपकी

घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि कार चालक सोमपाल को रास्ते में नींद आने लगी थी। यात्रियों ने उसे कई बार सावधान भी किया और वाहन संभालकर चलाने के लिए कहा। हालांकि, इससे पहले कि चालक स्थिति संभाल पाता, कार लोडिंग वाहन से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद लोडिंग वाहन भी करीब 25 से 30 मीटर दूर जाकर डिवाइडर से टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के दौरान चार लोगों ने दम तोड़ा

हादसे में घायल लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नरेश (42), विनोद (40) और सोमपाल के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

नरेश रोहतक के टिकट वाली गली रेलवे रोड और विनोद आर्य नगर, रोहतक के निवासी बताए गए हैं। सोमपाल रोहतक के वार्ड नंबर पांच का निवासी था।

तीन घायलों का इलाज जारी

हादसे में विपेंद्र सिंह (35), लाला (35) और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। तीनों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

तेज रफ्तार और नींद की झपकी बनी वजह

प्रारंभिक जानकारी में चालक को आई नींद की झपकी हादसे की प्रमुख वजह बताई जा रही है। इसके साथ ही वाहन की तेज रफ्तार भी हादसे को गंभीर बनाने वाली वजह मानी जा रही है।

देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर इस हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय नींद आने की स्थिति में सावधानी बरतने की जरूरत सामने आई है।

Check Also

मेरठ में SSP पर फिर उठे सवाल, सपा नेता की पिटाई के आरोप पर अखिलेश ने मांगी जांच

थप्पड़ कांड के बाद एक बार फिर तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय विवादों में घिर गए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *