उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 18 अगस्त के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश के चलते अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में अवदाब में बदलकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के तराई और दक्षिणी हिस्सों के 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल हैं।
इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
30 जिलों में गरज-चमक की चेतावनी
भारी बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक की भी चेतावनी जारी की गई है। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर और शाहजहांपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने से प्रदेश में गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi