Tuesday , October 6 2026

UP Roadways: रक्षाबंधन पर यात्रियों को राहत, अतिरिक्त बसें चलेंगी; 1800 किमी संचालन पर मिलेगा बोनस

रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। निगम 26 से 31 अगस्त तक छह दिनों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इस दौरान सभी उपलब्ध बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को बसों के संचालन के साथ यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई, पीने के पानी, पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

यात्रियों को बसों के संचालन और उपलब्धता की जानकारी देने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। परिवहन निगम के एमडी प्रभु एन सिंह ने अधिकारियों को यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच चलने वाली बस सेवाओं में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाएगा। लखनऊ, कानपुर और अन्य प्रमुख शहरों के लिए यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगा अवकाश

रक्षाबंधन के दौरान बस संचालन से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, चालकों और परिचालकों को विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश या साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर पहले से तैयार कर नोटिस बोर्ड पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

बसों और निर्धारित मार्गों की नियमित चेकिंग भी की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को सुचारु परिवहन सुविधा मिल सके।

1800 किमी संचालन पर 1200 रुपये प्रोत्साहन

छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से अधिक संचालन पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन मिलेगा।

वहीं, कार्यशाला में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को छह दिन उपस्थित रहने पर 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए सेवा का लोड फैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी होगा।

Check Also

अयोध्या में पितृपक्ष के दौरान बढ़ी चहल-पहल, राम मंदिर में दानदाताओं की संख्या में इजाफा

पितृपक्ष के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। रामलला ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *