Friday , August 7 2026

बारिश बनी आफत: उत्तराखंड में 132 सड़कें बंद, नदियां चेतावनी रेखा पर; जानें हाईवे का ताजा अपडेट

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। प्रदेशभर में भूस्खलन और भूधंसाव के कारण 132 सड़कें बंद हैं, जबकि गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर चेतावनी रेखा के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

बारिश के चलते प्रदेश में चार राष्ट्रीय राजमार्ग, चार स्टेट हाईवे, एक मुख्य जिला मार्ग समेत कुल 132 सड़कें बंद हैं। लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियां मार्गों को खोलने के लिए लगातार राहत कार्य में जुटी हैं।

हरिद्वार में गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान पार कर चुका है। ऋषिकेश में भी गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है, जिससे त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन का आरती स्थल जलमग्न हो गया है। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी, जबकि चमोली में अलकनंदा, नंदाकिनी और पिंडर नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है।

लगातार बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, नदियों के जलस्तर पर नजर रखने और डैम व बैराजों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में निचले इलाकों के लोगों को समय रहते सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Check Also

उत्तराखंड में हाई अलर्ट: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के स्तर से ऊपर बहीं

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *