Sunday , September 20 2026

यूपी: गर्भवती बेटी की हत्या कर गुमराह करता रहा परिवार, जांच में सामने आई ऑनर किलिंग की कहानी

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली निवासी एक पिता ने अपनी चार माह की गर्भवती अविवाहित बेटी की चंबल नदी में डुबोकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने बेटी की मौत को आत्महत्या बताने के लिए झूठी कहानी गढ़ी और पड़ोसियों व परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया। घटना के कई दिन बाद भी युवती का शव बरामद नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार, युवती का अपनी ही बस्ती के दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम संबंध था और वह चार महीने की गर्भवती थी। पिता को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने बेटी पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया, लेकिन युवती ने कोख में पल रहे बच्चे को जन्म देने का फैसला किया और गर्भपात से साफ इनकार कर दिया।

पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि वह बेटी को दवा दिलाने के बहाने 28 जुलाई को अपने दामाद के साथ आगरा के बाह क्षेत्र स्थित गांव लेकर आया। अगले दिन सुबह बासौनी के चंबल घाट पर ले जाकर उसे नदी में डुबोकर मार डाला। पुलिस का मानना है कि यह हत्या परिवार की कथित ‘इज्जत’ बचाने के नाम पर की गई।

हत्या के बाद आरोपी पिता दिल्ली लौट आया और पड़ोसियों को बताया कि उसकी बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। इतना ही नहीं, उसने लोगों को भ्रमित करने के लिए चंबल नदी में शव विसर्जन के फोटो भी दिखाए। लेकिन युवती के घर न लौटने और पिता की बातों पर शक होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने आरोपी पिता और उसके दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

युवती का शव बरामद करने के लिए दिल्ली पुलिस ने पांच दिन की रिमांड पर आरोपियों को लेकर आगरा पहुंचकर चंबल नदी में लगातार तीन दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया। गोताखोरों, पीएसी और वन विभाग की टीमों ने मोटरबोट की मदद से करीब 12 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की, लेकिन शव नहीं मिला।

पुलिस का अनुमान है कि चंबल नदी के तेज बहाव के कारण शव काफी दूर बह गया होगा। यह आशंका भी जताई जा रही है कि नदी में मौजूद मगरमच्छ शव को अपना शिकार बना चुके हों। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।

Check Also

अयोध्या में रामलला के संघर्षकाल की झलक: टेंट से अस्थायी मंदिर तक की गाथा श्रद्धालुओं के लिए होगी उपलब्ध

अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अब ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *