पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दावा किया कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता जल्द हो सकता है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य आवाजाही बहाल होने की उम्मीद है। वहीं, कतर ने भी कहा कि शांति बहाली की कोशिशें अंतिम चरण में हैं और मसौदा समझौते पर लगातार बातचीत जारी है।
हालांकि, ईरान ने अमेरिका के दावों को खारिज करते हुए साफ किया कि उसकी मंजूरी के बिना होर्मुज से किसी भी नए समुद्री मार्ग को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी युद्धपोत ने तय नियमों का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने के लिए बातचीत जारी है और पहले चरण में जहाजों की निर्बाध आवाजाही बहाल करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी दूसरे चरण की वार्ता का संकेत दिया।
कतर ने स्पष्ट किया कि अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है, लेकिन ओमान समेत मध्यस्थ देशों के जरिए दोनों पक्षों के बीच संवाद जारी है। कतर को उम्मीद है कि आने वाले कुछ घंटों या दिनों में इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण प्रगति हो सकती है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi