अभिनेता राघव जुयाल का कहना है कि फिल्म ‘किल’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि इस फिल्म के बाद लोगों और फिल्म इंडस्ट्री का उनके प्रति नजरिया पूरी तरह बदल गया। राघव जल्द ही अपनी पहली लीड फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ में नजर आएंगे।
राघव ने कहा कि ‘किल’ की रिलीज के बाद पहली बार उन्हें महसूस हुआ कि लोग उन्हें एक अभिनेता के रूप में गंभीरता से लेने लगे हैं। उन्होंने बताया कि टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से कई कलाकारों ने उन्हें बधाई दी। कपिल शर्मा ने भी उनसे कहा कि जिस तरह उनका परसेप्शन बदल रहा है, वह काफी अलग और खास है।
उन्होंने मलयालम अभिनेता फहाद फासिल का जिक्र करते हुए बताया कि उनका मैसेज आज भी यादगार है। राघव के मुताबिक, फहाद ने खुद उन्हें संदेश भेजकर ‘किल’ में उनके अभिनय की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार का व्यक्तिगत रूप से मैसेज करना उनके लिए बेहद भावुक और यादगार पल था।
अपने संघर्ष पर बात करते हुए राघव ने कहा कि उन्होंने करीब 16 साल तक लगातार मेहनत की, कई बार रिजेक्शन झेले और फिल्मों से बाहर भी किए गए, लेकिन कभी खुद पर भरोसा नहीं खोया। उनका मानना है कि हर असफलता ने उन्हें आगे बढ़ने की सीख दी।
राघव ने बताया कि टीवी छोड़कर फिल्मों में आने का फैसला उनके करियर का सबसे बड़ा जोखिम था। शुरुआती दौर में आर्थिक चुनौतियां भी आईं, लेकिन उनके माता-पिता हमेशा उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा खुशी उन्हें इस बात की है कि उनके माता-पिता उनकी सफलता पर गर्व महसूस करते हैं।
अपनी आगामी फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ को लेकर राघव ने बताया कि यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें वह अजय नाम के ऐसे युवक का किरदार निभा रहे हैं, जो खुद को बड़ा सुपरस्टार समझता है, जबकि उसकी खराब एक्टिंग ही फिल्म की सबसे बड़ी कॉमेडी बन जाती है। राघव ने कहा कि वह इस फिल्म के जरिए दर्शकों को भरपूर हंसाना चाहते हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi