दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई के बाद देर रात प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए। पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी है, लेकिन किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है।
हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और सुरक्षाकर्मियों पर हमले के आरोप में अब तक 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। सोमवार की झड़प में एक आईपीएस अधिकारी समेत दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 118 से अधिक जवान घायल हुए थे। पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।
उधर, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने दोबारा मंच तैयार कर लिया है। संसद भवन की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शनकारी फिर से संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस बीच, CJP नेताओं ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों पर चर्चा की। पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया कि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, प्रदर्शन स्थल पर मौजूद अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि अब सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी और यदि किसी को बातचीत करनी है तो उसे जंतर-मंतर आना होगा।
वहीं, अनशन पर बैठे सोनम ने स्पष्ट किया है कि उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi