Monday , July 20 2026

UP Weather Alert: मानसून होगा और सक्रिय, आज 33 जिलों में बारिश तो 45 शहरों में आकाशीय बिजली का खतरा

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के 33 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। गोरखपुर में सबसे अधिक 141.6 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा मिर्जापुर (80 मिमी), लखीमपुर खीरी (70.4 मिमी), वाराणसी (64 मिमी) और सुल्तानपुर (58 मिमी) में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत 10 जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर सहित 23 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। साथ ही लोगों को आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Check Also

मानसून सत्र से पहले सियासी संग्राम, खरगे ने PM मोदी से राम मंदिर और पेपर लीक पर मांगा जवाब

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *