Saturday , September 19 2026

बारिश ने रोकी रफ्तार: बिजनौर से मेरठ-मुजफ्फरनगर का रास्ता बंद, प्रशासन ने किया ट्रैफिक डायवर्ट

बिजनौर में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी पटरी से उतार दी है। मुजफ्फरनगर के देवल गांव में हाईवे पर जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा संपर्क फिलहाल टूट गया है। हालात को देखते हुए पुलिस ने दोनों शहरों की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर ट्रैफिक गजरौला मार्ग से डायवर्ट कर दिया है।

देवल स्थित मेरठ-पौड़ी हाईवे पर गुरुवार दोपहर से जलभराव के कारण बैराज से मीरापुर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम बिजनौर सीमा तक पहुंच गया। सड़क पर लगातार बह रहे पानी और हालात सामान्य न होने के चलते पुलिस ने मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी।

बारिश का असर बिजनौर-मंडावर-बालावाली मार्ग पर भी पड़ा। खिरनी गांव के पास तेज बहाव से सड़क कट गई, जिसके चलते इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी गई है। फिलहाल केवल हल्के वाहनों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है।

अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि खिरनी के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। पानी का स्तर कम होने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।

यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि देवल में हाईवे बंद होने के कारण बिजनौर से मेरठ और मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहनों को गजरौला मार्ग से भेजा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सफर पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

Check Also

यूपी में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, टोल राजस्व को लगा बड़ा झटका

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिलहाल भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेगा। आईआईटी खड़गपुर की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *