Wednesday , July 8 2026

नासिक में 24 घंटे में 300 मिमी बारिश का अनुमान, बादल फटने की आशंका; रत्नागिरी में लैंडस्लाइड से मकान ढहा

देशभर में मानसून का असर तेज हो गया है। महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए 300 मिमी तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही नासिक में बादल फटने की आशंका भी जताई गई है।

भारी बारिश को देखते हुए नासिक के सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और सप्तश्रृंगी मंदिर को एहतियातन श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया है।

रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी में भारी बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिससे एक मकान का हिस्सा ढह गया। मलबे से एक महिला को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

उधर, जम्मू-कश्मीर के डोडा में अचानक आई बाढ़ से रिहायशी इलाकों में पानी, पत्थर और मलबा घुस गया। कई मकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि सड़कें मलबे से पट गईं।

राजस्थान में भी बारिश का दौर जारी है। जोधपुर, पाली, जालोर और बाड़मेर में सोमवार को करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून आज पूरे देश को कवर कर सकता है और कई राज्यों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।

Check Also

MP में मानसून की एंट्री से बदला मौसम, मुंबई में तेज बारिश से कई इलाकों में नुकसान

मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को 9 दिन की देरी से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *