Monday , July 6 2026

प्रयागराज: सुसाइड से पहले पति का भावुक VIDEO वायरल, पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

घूरपुर थाना क्षेत्र में 38 वर्षीय ट्रक मालिक अरविंद तिवारी ने रविवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने 49 सेकेंड का एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपने रिश्तेदारों को भेजा और सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया। वीडियो में उन्होंने पत्नी, ससुर और साले पर प्रताड़ित करने और लगातार झगड़ा करने के आरोप लगाए।

वीडियो में अरविंद ने कहा कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी को उनकी संपत्ति में कुछ भी न मिले। उनका आरोप था कि पत्नी के मायके वाले हमेशा उनसे विवाद करते थे और उन्हें ही गलत ठहराते थे। उन्होंने कहा कि वह परिवार की हर जिम्मेदारी निभाते थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपमान और तनाव का सामना करना पड़ता था।

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे अरविंद की पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए। रात करीब एक बजे वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कुछ रिश्तेदारों को भेज दिया। इसके बाद घर के पास निर्माणाधीन मकान की छत से निकले सरिए में अंगोछे का फंदा लगाकर जान दे दी।

रात करीब दो बजे अरविंद की मां श्यामा देवी की नींद खुली। बाहर निकलने पर उन्होंने बेटे का शव फंदे से लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।

मृतक की मां का आरोप है कि बहू रिचा आए दिन अरविंद से झगड़ा करती थी और अपने पिता व भाइयों के साथ मिलकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान करती थी। उनका कहना है कि अरविंद अपने भाइयों की आर्थिक मदद करते थे, जिसे उनकी पत्नी पसंद नहीं करती थी।

वहीं, पत्नी रिचा ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि घर में सामान्य पारिवारिक कहासुनी होती थी, लेकिन प्रताड़ना जैसी कोई बात नहीं थी। उन्होंने बताया कि रविवार रात भी मामूली विवाद हुआ था और उन्हें लगा था कि अरविंद गुस्से में बाहर गए हैं और वापस लौट आएंगे।

घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Check Also

सपा सांसद रुचिवीरा का बड़ा बयान, कमाल अख्तर को दी पार्टी लाइन पर चलने की सलाह

समाजवादी पार्टी की मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा और कांठ से विधायक कमाल अख्तर के बीच जारी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *