Saturday , August 22 2026

बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ी हलचल, कोर्ट का PK को समन; महागठबंधन में सीट पर घमासान

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जन सुराज ने पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) को उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है। हालांकि चुनावी मैदान में उतरने से पहले उन्हें सांसद डॉ. संजय जायसवाल की ओर से दायर मानहानि मामले में 28 जुलाई को अदालत में पेश होना होगा। कोर्ट ने इस मामले में सार्वजनिक नोटिस जारी किया है।

इधर, बांकीपुर सीट को लेकर महागठबंधन में भी खींचतान शुरू हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस सीट पर अपना दावा ठोकते हुए साफ कहा है कि महागठबंधन की ओर से उसका ही प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। वहीं कांग्रेस ने बांकीपुर को अपनी पारंपरिक सीट बताते हुए दावेदारी मजबूत बताई है। इससे दोनों दलों के बीच सीट को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

उधर, भाजपा ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से नील रतन घोष (नीलू दा) का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है। अजय आलोक और रणवीर नंदन के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।

प्रशांत किशोर ने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए कहा कि वह किसी सुरक्षित सीट से नहीं, बल्कि चुनौतीपूर्ण सीट से चुनावी राजनीति की शुरुआत कर रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार की राजनीति को जाति और धर्म से ऊपर उठाकर विकास के मुद्दों पर लाना ही उनका लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर से जीत जन सुराज के लिए नया राजनीतिक विकल्प साबित होगी।

बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई है। इसे भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की सीट माना जा रहा है। वहीं, जनशक्ति जनता दल ने भी सोशल एक्टिविस्ट वीणा मानवी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

Check Also

सीएम योगी से मिलकर उत्साहित हुए जापानी बच्चे, सेल्फी के साथ मिला भारतीय दर्शन का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत से आए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *