भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम के अन्य खिलाड़ियों से अलग चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करेंगे। यह फैसला ICC और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की अंडर-16 खिलाड़ियों से जुड़ी सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत लिया गया है।
हालांकि, 15 वर्षीय वैभव मैचों के दौरान टीम के साथ रहेंगे और सभी टीम मीटिंग्स में हिस्सा लेंगे। उन्हें केवल कपड़े बदलने और वॉशरूम इस्तेमाल करने के लिए अलग व्यवस्था दी गई है। ICC ने नाबालिग खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नियम 2019 में लागू किया था।
ECB ने बताया कि वैभव की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए भारतीय टीम के टीम लायजन ऑफिसर (TLO) और मेजबान मैदानों के सेफगार्डिंग अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। इसके अलावा वैभव के माता-पिता भी पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे और उसी होटल में ठहरेंगे, जहां भारतीय टीम रुकेगी। उनके यात्रा और ठहरने का खर्च BCCI वहन करेगा।
सेफगार्डिंग पॉलिसी का उद्देश्य नाबालिग खिलाड़ियों को शारीरिक, मानसिक और किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से सुरक्षित रखना है। इसी कारण खेल संगठनों ने ड्रेसिंग रूम और टीम वातावरण को लेकर विशेष नियम बनाए हैं।
वैभव सूर्यवंशी 15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर हैं। यदि उन्हें आयरलैंड या इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू का मौका मिलता है, तो वे भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच टी-20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi