Saturday , August 22 2026

रोमांटिक फोटो, प्रेमी और मर्डर प्लान; पुणे हत्याकांड में सोशल मीडिया पोस्ट से हुआ बड़ा खुलासा

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की आरोपी सिया गोयल ने अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ सोशल मीडिया पर कई रोमांटिक पोस्ट शेयर किए थे। सगाई, डांस, सरप्राइज गिफ्ट और शादी की तैयारियों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को ट्रैकिंग के बहाने लोहगढ़ किले लेकर गई थी। वहां उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए।

जांच में सबसे अहम सुराग किले के CCTV फुटेज से मिला। फुटेज में सिया और केतन के पीछे-पीछे एक युवक चलता दिखाई दिया, जिसने भीषण गर्मी के बावजूद हुडी पहन रखी थी और अपना चेहरा छिपाया हुआ था। पुलिस को 33 डिग्री तापमान में हुडी पहनने पर शक हुआ और जांच आगे बढ़ाई गई।

कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच में पता चला कि सिया और चेतन लगातार संपर्क में थे। दोनों के बीच इस साल 1 जनवरी से 18 जून तक 2004 कॉल्स और करीब 238 घंटे बातचीत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर चेतन की पहचान की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का दावा है कि सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते के बीच बाधा बन रहा है। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले भी लोहगढ़ किले पर केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी।

फिलहाल पुणे पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Check Also

एक FIR और पलट गया खेल: साहिल की थाने की दौड़, राहुल की एंट्री और जेन-जी आंदोलन की इनसाइड स्टोरी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *