Saturday , August 22 2026

MP में मानसून की एंट्री से बदला मौसम, मुंबई में तेज बारिश से कई इलाकों में नुकसान

मध्य प्रदेश और गुजरात में बुधवार को 9 दिन की देरी से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दी। दोनों राज्यों में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 15 जून मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों में मानसून पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर सकता है। इसके साथ ही मानसून अब देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है।

वहीं, मुंबई में मानसून की एंट्री के बाद लगातार तेज बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक शहर के कई इलाकों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते अंधेरी सब-वे में जलभराव हो गया, जिसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

विक्रोली पश्चिम में एक रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई, जबकि कई इलाकों में पेड़ उखड़ने से वाहनों को नुकसान पहुंचा। दादर और नवी मुंबई में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने और मिट्टी कटने से रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

अरुणाचल प्रदेश में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कीयी पन्योर जिले में आई बाढ़ में 3 लोग लापता हो गए हैं, जबकि 18 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी आगे बढ़ सकता है। कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी भी बनी हुई है।

Check Also

यूपी में मातृत्व अवकाश पर नए नियम, स्कूलों के रसोइयों की बढ़ी सैलरी; कैबिनेट के अहम फैसले

उत्तर प्रदेश सरकार ने महिला कर्मचारियों के मातृत्व अवकाश को लेकर बड़ा फैसला किया है। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *