Monday , September 21 2026

भारत के खिलाफ टी-20 मुकाबलों के लिए इंग्लैंड-आयरलैंड तैयार, नई कप्तानी और नए चेहरे शामिल

भारत के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से पहले आयरलैंड और इंग्लैंड ने अपनी-अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। आयरलैंड ने विकेटकीपर बल्लेबाज लॉरकन टकर को टी-20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है, जबकि इंग्लैंड ने युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया है। इंग्लैंड की कमान हैरी ब्रूक संभालेंगे।

29 वर्षीय लॉरकन टकर टी-20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ने वाले पॉल स्टर्लिंग की जगह लेंगे। उनका पहला असाइनमेंट 26 और 28 जून को बेलफास्ट में भारत के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टी-20 सीरीज होगी। स्टर्लिंग चोट के कारण टीम से बाहर हैं। टकर इससे पहले भी स्टर्लिंग की गैरमौजूदगी में आयरलैंड की कप्तानी कर चुके हैं।

भारत सीरीज से पहले आयरलैंड की टीम चोटों से जूझ रही है। टीम के पांच प्रमुख तेज गेंदबाज चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं ने कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। रूबेन विल्सन, जय मूंद्रा और मैट हॉलार्ड को पहली बार टीम में शामिल किया गया है, जबकि लेग स्पिन ऑलराउंडर गेविन होए को भी टी-20 स्क्वॉड में जगह मिली है।

वहीं, इंग्लैंड ने 1 जुलाई से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित की है। 22 वर्षीय ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। हाल के दिनों में उन्होंने घरेलू क्रिकेट, इंग्लैंड लायंस और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है।

इंग्लैंड ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने वाली टीम के अधिकांश खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा है। जोस बटलर, लियाम डॉसन और जोफ्रा आर्चर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा गया है, जबकि जेमी ओवरटन और ब्रायडन कार्स चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।

भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच खेलने के बाद इंग्लैंड दौरे पर पांच टी-20 और तीन वनडे मुकाबले खेलेगी।

Check Also

एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में भारत का नेतृत्व कौन करेगा? ध्वजवाहकों को लेकर आया बड़ा अपडेट

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को लेकर भारत के ध्वजवाहकों के नाम तय हो ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *