महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकरा गई। भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का इंजन टक्कर के बाद करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरा।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 26 वर्षीय योगेश नेगी और 24 वर्षीय रेबेका जैकब के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के बांद्रा इलाके के रहने वाले थे। घायल कार चालक अंगद का कल्याण स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया है कि हादसे से कुछ देर पहले कार को 251 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, लापरवाही और स्टंटबाजी को हादसे की वजह माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, योगेश नेगी का जन्मदिन मनाने के बाद तीनों शनिवार रात एक्सप्रेसवे की ओर निकले थे। रास्ते में तेज रफ्तार के दौरान चालक ने संभवतः सड़क पर लगाए गए बैरिकेड से बचने की कोशिश की, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार उछलकर डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जा रुकी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से पहले कार कई बार बेहद तेज रफ्तार में गुजरती दिखाई दी थी। कुछ ही देर बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर कार पूरी तरह चकनाचूर मिली। एक युवती सड़क पर दूर जा गिरी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi