Monday , September 21 2026

फौजी पर FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं, महिला रेसलर ने पुलिस स्टेशन में खुद को जलाया

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रविवार रात एक महिला रेसलर ने शहर कोतवाली थाने के इंस्पेक्टर चैंबर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना रात करीब 10:45 बजे की है। आग लगते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग बुझाकर महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला का एक फौजी युवक से प्रेम संबंध था। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी फौजी ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे हासिल कर रखा है, जिसके चलते उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। महिला इसी बात से नाराज थी और लगातार पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बना रही थी।

महिला रविवार दोपहर अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची थी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। पुलिस ने उसे समझाकर घर भेज दिया था, लेकिन रात में वह फिर थाने पहुंची और कार्रवाई न होने से नाराज होकर आत्मदाह का प्रयास कर बैठी।

एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि महिला को उसके सौतेले पिता ने तेल की बोतल उपलब्ध कराई थी। घटना के बाद थाना प्रभारी अमर सिंह राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्मदाह के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।

Check Also

यूजीसी विरोध में सड़क पर बवाल, एक्सप्रेसवे जाम और पथराव से मची अफरा-तफरी; पुलिस का लाठीचार्ज

यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर रविवार को आगरा में प्रदर्शन के दौरान हंगामे की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *