Sunday , June 21 2026

CM योगी का सपा पर हमला- मोहर्रम-ईद पर उदंडता, कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी सरकार

हमीरपुर/महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हमीरपुर और महोबा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले हर जिले में माफिया हावी थे, जो जमीनों पर कब्जा करते थे, व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। लेकिन अब उत्तर प्रदेश में माफिया के लिए कोई जगह नहीं है। माफिया या तो जेल में हैं या मिट्टी में मिल चुके हैं।

सीएम योगी ने कहा कि अब प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। यदि कोई महिला या बेटी के सम्मान से खिलवाड़ करने का दुस्साहस करेगा तो उसे कड़ी सजा भुगतनी पड़ेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारें मोहर्रम और ईद के दौरान सड़कों पर उदंडता को बढ़ावा देती थीं, जबकि कांवड़ यात्रा और कृष्ण जन्मोत्सव जैसे आयोजनों पर रोक लगाती थीं।

हमीरपुर में 636 करोड़ रुपये की 75 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसून में देरी और आने वाले वर्षों में अल नीनो के प्रभाव को देखते हुए पानी बचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने हर घर नल योजना के तहत पेयजल के जिम्मेदार उपयोग की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर बदली है। जहां कभी खराब सड़कें, पानी की किल्लत और माफिया राज था, वहीं आज एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक विकास और रक्षा उत्पादन जैसी बड़ी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल देश की सैन्य ताकत का प्रतीक है। प्रदेश अब रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है और गोला-बारूद से लेकर मिसाइल तक यूपी में तैयार हो रही हैं।

महोबा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाला बताया। साथ ही गोरखगिरि क्षेत्र को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने, रोपवे निर्माण और आल्हा-ऊदल की विरासत को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है और बुंदेलखंड को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Check Also

UP में NEET री-एग्जाम के लिए हाई अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर कड़ी चेकिंग

उत्तर प्रदेश में रविवार को NEET-UG 2026 का री-एग्जाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *