Sunday , September 20 2026

सीफूड फैक्ट्री में गैस कांड, दर्जनों कर्मचारी प्रभावित; मृतकों में सभी महिलाएं

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को एक सीफूड एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव का बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 65 से अधिक कर्मचारी घायल हो गए। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक, गैस रिसाव की घटना सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।

अरक्कोनम स्थित NDRF की चौथी बटालियन मुख्यालय से 30 सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम गैस डिटेक्शन डिवाइस और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (CBRN) आपदाओं से निपटने वाले विशेष उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि 67 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 46 मरीज वेल्स हॉस्पिटल और 21 मरीज वेंकटेश्वरा हॉस्पिटल में भर्ती हैं। वहीं, 9 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, हादसे का शिकार हुई अधिकांश कर्मचारी 24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं हैं। डॉक्टर लगातार मरीजों की नाड़ी और रक्तचाप की निगरानी कर रहे हैं। कई मरीजों का ब्लड प्रेशर कम पाया गया है, हालांकि उनकी उम्र कम होने के कारण उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।

फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Check Also

18 सितंबर को ट्रंप ने किया कानून पर हस्ताक्षर, जानें भारत-चीन पर 100% टैरिफ का पूरा मामला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और ईरान पर प्रतिबंधों से जुड़े नए कानून ‘लिंडसे ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *