‘है सौदा खरा खरा’, ‘इश्क तेरा तड़पावे’…ये ऐसे गाने हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई थिरकने लगता है। गाना बजते ही पैर अचानक थिरकने लगते हैं। चाहे किसी को डांस आता हो या न आता हो, हर कोई डांस करना शुरू कर देता है। ये गाने 23 साल पहले रिलीज हुए थे और आज भी इनका क्रेज कम नहीं हुआ है। ‘है सौदा खरा खरा’ गाने को अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म ‘गुड न्यूज’ में भी शामिल किया था, जिसके बाद यह नया पार्टी एंथम बन गया। इस गाने पर विदेशों में भी कई रीलें बनीं। लेकिन ‘है सौदा खरा खरा’ और ‘इश्क तेरा तड़पावे’ जैसे गानों को आइकॉनिक बनाने वाले उस सिंगर के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं, जिसकी वजह से वो आज भी हिट हैं। आज हम आपको उस सिंगर के बारे में बताने जा रहे हैं।
इन गानों को गायक सुखबीर सिंह ने गाया था, जिन्हें ‘प्रिंस ऑफ भांगड़ा’ भी कहा जाता है। सुखबीर सिंह का 9 नवंबर को जन्मदिन (Happy बर्थडे सुखबीर सिंह) है। नब्बे के दशक में सुखबीर सिंह काफी लोकप्रिय थे। प्रियंका चोपड़ा से लेकर लारा दत्ता तक ने उनके गानों में खूब काम किया। उनके म्यूजिकल अंदाज में भांगड़ा के साथ रैप और टेक्नो का कॉम्बो देखने को मिला, जिसका एक अलग ही क्रेज था। लेकिन कुछ सालों बाद सुखबीर सिंह संगीत जगत से गायब हो गये। आइए अब बताते हैं कि सुखबीर सिंह कहां हैं और उनकी शुरुआत कैसे हुई।
जालंधर में जन्म, बचपन और करियर केन्या में बीता
जालंधर के भोगपुर में जन्मे सुखबीर सिंह ने 1991 में रिकॉर्डिंग शुरू की, जिसके बाद वह दुबई चले गए। तब से सुखबीर सिंह दुबई में रह रहे हैं। इससे पहले वह बीस साल तक केन्या में भी रहे थे. सुखबीर सिंह ने अपनी स्कूली शिक्षा केन्या से की और फिर सूचना प्रौद्योगिकी में डिग्री ली। सुखबीर सिंह का पहला म्यूजिक एल्बम ‘न्यू स्टाइल’ दुबई में रिकॉर्ड किया गया था और इसने कई पुरस्कार जीते। जब सुखबीर सिंह 3 साल के थे, तब उनका परिवार केन्या चला गया। उनके पिता धार्मिक कार्य करते थे। सुखबीर सिंह अपने पिता के साथ रोजाना गुरुद्वारा जाते थे और वहां शबद गाते थे। सुखबीर सिंह में बचपन से ही यह क्षमता थी कि वह कोई भी वाद्य यंत्र बड़ी आसानी से बजा सकते थे। उनके पिता भी गाते थे. सुखबीर ने अपने पिता से भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली। सुखबीर सिंह के ज्यादातर गाने उनके पिता ने लिखे थे।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi