उत्तर प्रदेश में होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 के तहत 41,424 पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रदेश के 75 जिलों में रिक्त पदों के लिए 41,424 अभ्यर्थियों का चयन किया है। चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार मेरिट सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।
लिखित परीक्षा से शारीरिक दक्षता तक हुई प्रक्रिया
होमगार्ड भर्ती के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई।
सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में प्राप्त सामान्यीकृत अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई। आवेदन के दौरान जमा किए गए अधिमानी अर्हता प्रमाणपत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों को निर्धारित अतिरिक्त अंक भी दिए गए।
आरक्षण नीति के आधार पर हुआ जिलेवार चयन
बोर्ड के अनुसार, प्रदेश के 75 जिलों में विज्ञापित 41,424 पदों के सापेक्ष इतने ही अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार जिलेवार मेरिट तैयार की गई और उसी के आधार पर अंतिम चयन किया गया।
वेबसाइट पर देख सकते हैं रिजल्ट
चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम और जिलेवार चयन सूची देख सकते हैं। भर्ती से संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी भी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi