सुपरनोवा की स्पायरा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल पर शनिवार सुबह एक युवक ने बालकनी से छलांग लगा दी। मृतक की पहचान संभव जैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर का रहने वाला था और एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करता था।
बचाने की कोशिश में जुटे चार लोग
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय एसी रिपेयरिंग का काम कर रहे कर्मचारियों की नजर बालकनी पर गई। संभव रेलिंग के बाहर लटका हुआ था। कर्मचारियों ने उसे समझाने और वापस अंदर खींचने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद चार लोगों ने उसे पकड़ भी लिया था और ऊपर खींचने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक रेलिंग के बाहर लटके रहने के दौरान वह उनकी पकड़ से फिसल गया और नीचे गिर गया।
तनाव में होने की बात कही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाव के दौरान संभव ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की। पुलिस के मुताबिक, उसने तनाव में होने और जीवन समाप्त करने की इच्छा की बात कही थी। लोगों ने उसे समझाने और सुरक्षित ऊपर खींचने का प्रयास जारी रखा, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पिता से व्हाट्सएप चैट की जांच
पुलिस को संभव के मोबाइल फोन से उसके पिता के साथ हुई व्हाट्सएप बातचीत मिली है। पुलिस के अनुसार, चैट में संभव ने आत्महत्या का जिक्र किया था और किसी को इसके लिए जिम्मेदार नहीं बताया था। पुलिस चैट के समय और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
Airbnb के जरिए बुक किया था कमरा
पुलिस के अनुसार, संभव 2 अक्तूबर की दोपहर स्पायरा बिल्डिंग में ठहरने आया था। कमरे की बुकिंग Airbnb की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की गई थी। घटना के समय वह कमरे में अकेला था।
सीसीटीवी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बालकनी और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया है। साथ ही बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं। पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है।
सुपरनोवा में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
सुपरनोवा परिसर में इससे पहले भी ऊंचाई से गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi