उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत 3.53 लाख रसोइयों के लिए कई बड़ी सुविधाओं का एलान किया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
रसोइयों का मासिक मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने के साथ ही चार प्रमुख सुविधाएं देने की घोषणा की गई है। इनमें दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये की सहायता, रसोइयों और उनके परिवार के लिए सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज तथा साड़ी खरीदने के लिए दी जाने वाली राशि को 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये करना शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। योगी ने 2017 से पहले की सरकारों पर कानून व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सीएम योगी ने रसोइयों से स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करते समय किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और रसोई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाए। स्कूलों के वीडियो बनाकर सरकार पर सवाल उठाने वालों के संदर्भ में उन्होंने रसोइयों को सतर्क रहने की भी सलाह दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि रसोइये बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए सरकार उनकी सुविधा, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेशभर के रसोइयों को इन योजनाओं का लाभ देने के लिए राज्य स्तर के साथ जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi