Saturday , November 7 2026
Breaking News

यूपी चुनाव से पहले इकरा हसन का बयान, भाजपा को हराने की क्षमता पर सपा-कांग्रेस की तुलना

कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बयान दिया है। शामली में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने कांग्रेस की भूमिका को लेकर भी अपनी बात रखी।

इकरा हसन ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा को कोई हरा सकता है तो वह समाजवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अकेले कुछ नहीं कर पाएगी। सांसद ने गठबंधन को लेकर भी कहा कि यदि गठबंधन नहीं रहता है तो इसका नुकसान कांग्रेस को हो सकता है, जबकि उनके अनुसार सपा को इससे नुकसान नहीं होगा।

विकास कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया

दिशा की बैठक में इकरा हसन ने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों में देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में होने के कारण उनके क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं हैं और शासन के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं।

सांसद ने गढ़ी दथेडा से नाई नगला होते हुए थालवा और कैराना से इस्सौपुर खुरगान तक सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।

स्कूलों और शिक्षकों की कमी का मामला

इकरा हसन ने चौसाना और माल्हीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज की जरूरत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार हैं। उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कराने को कहा।

इसके अलावा बंतीखेड़ा जूनियर हाईस्कूल और इस्सौपुर खुरगान में गणित व विज्ञान के शिक्षकों की कमी का मामला भी बैठक में उठाया गया। चहारदीवारी विहीन प्राथमिक विद्यालयों की सूची भी अधिकारियों को सौंपी गई।

पुल, हाईवे और आयुष्मान योजना पर भी चर्चा

बैठक में बलवा और शामली सदर क्षेत्र में प्रस्तावित उपरिगामी पुलों, दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे की खराब स्थिति और कांधला-किवाना की जर्जर सड़क का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।

आयुष्मान योजना में कथित गड़बड़ी के आरोपों पर भी चर्चा हुई। बैठक में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं।

Check Also

KGMU केस में एसटीएफ की जांच तेज: जाकिर नाईक से जुड़े दो डॉक्टरों के संपर्क की पड़ताल, कई पहलुओं की जांच जारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सामने आए कथित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *