Wednesday , September 9 2026

मूंछों से लेकर बहरूपिया तक: अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, मैनपुरी सीओ का भी किया जिक्र

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह के वायरल वीडियो को लेकर तंज कसा। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीओ के वीडियो से जुड़े सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उनकी मूंछें छोटी थीं।

दरअसल, सीओ अशोक सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह मूंछ पर ताव देते हुए अखिलेश यादव को बताने की बात कहते नजर आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद सीओ ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके वीडियो को क्रॉप करके प्रसारित किया गया है।

छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का अभियान

अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी और छात्रों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने के लिए समाजवादी छात्र सभा के छात्र जागरूकता अभियान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कैंपस में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच अलग है, इसलिए नई सोच और विचारधारा के साथ छात्रों के बीच जाने की जरूरत है। कैंपस में छात्रों से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।

‘PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन भी’

अखिलेश यादव ने PDA को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब केवल राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि प्रेम, दया और अपनापन भी है।

उन्होंने कहा कि PDA के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय की दिशा में काम किया जाएगा। अखिलेश ने दावा किया कि इसमें किसी के साथ पक्षपात नहीं होगा और नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

छात्र सभा के अभियान को लेकर क्या बोले अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा का संदेश समाज में भाईचारा बढ़ाने का होगा। उन्होंने कहा कि Gen-Z और नई पीढ़ी के नए विचारों के साथ छात्र सभा युवाओं को जोड़ने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद छात्र संघों के समूह बनाकर छात्रों को भविष्य में विदेश भेजने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही अलग-अलग देशों में स्टूडेंट यूनियन के स्वरूप को समझने का काम किया जाएगा।

नीले रंग को बताया विचारधारा और एकजुटता का प्रतीक

समाजवादी छात्र सभा के अभियान में नीले रंग के इस्तेमाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि नीला रंग विचारधारा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नीला रंग लोगों को जोड़ने का भी प्रतीक है।

अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग अक्सर रंगों से डरते हैं। उन्होंने कुछ लोगों पर भगवान के नाम पर चढ़ावा और चंदा चोरी करने का आरोप लगाया और ऐसे लोगों को ‘बहरूपिया’ बताया।

Check Also

यूपी में मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन की तैयारी? सरकारी जमीन पर निर्माण का आरोप, मिला नोटिस

सहारनपुर के बाद अब मुरादाबाद में भी सरकारी जमीन पर बने धार्मिक निर्माण को लेकर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *