Monday , November 2 2026
Breaking News

SIR के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा विपक्ष, दोपहर में कनॉट प्लेस से निकलेगा मार्च; रामलीला मैदान में जुटान

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करेगा। रैली से पहले दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस-मिंटो रोड जंक्शन से अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान तक मार्च निकालने की योजना है। कांग्रेस समेत गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

गठबंधन ने इस रैली के लिए ‘चलो दिल्ली’ का आह्वान किया है। आयोजकों का दावा है कि रैली में करीब 10 लाख लोग शामिल हो सकते हैं। शनिवार से ही देश के अलग-अलग राज्यों से कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

SIR के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरेगा विपक्ष

विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के मुताबिक, संगठन के 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता रैली में हिस्सा लेंगे। उनका कहना है कि युवा लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि मार्च के निर्धारित मार्ग पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पूरे इलाके की निगरानी के लिए 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, रैली में शामिल होने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित टीमों के साथ समन्वय किया है।

बारिश के बाद रामलीला मैदान तैयार

बारिश के कारण रामलीला मैदान में कई जगह पानी भर गया था। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मानव शृंखला बनाकर बाल्टियों की मदद से मैदान से पानी निकाला। इस दौरान मंच और पंडाल तैयार करने का काम भी जारी रहा, ताकि रैली के आयोजन में परेशानी न हो।

विपक्ष की रैली पर टिकी सबकी नजरें

SIR की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच जारी विवाद के बीच इस महारैली को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्षी दल इस मंच से चुनाव प्रक्रिया और मतदान के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। अब सबकी नजरें रैली में शामिल होने वाले नेताओं के संबोधनों और आगे की राजनीतिक रणनीति पर रहेंगी।

Check Also

दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल का बड़ा बयान, माफी मांगने से किया इनकार; बोले- इस्तीफा देने को तैयार

पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुआ विवाद ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *