भारत और रूस के बीच मजबूत होते रिश्तों के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उनका एक व्यक्तिगत संदेश भी सौंपा। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ते सहयोग को लेकर अहम चर्चा हुई।
जयशंकर ने पुतिन से बातचीत के दौरान कहा कि भारत और रूस के बीच आर्थिक सहयोग लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है। व्यापार के साथ-साथ ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी मजबूत हुई है। उन्होंने हाल ही में हुई अंतर-सरकारी आयोग की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और रूस के सहयोग को लेकर सकारात्मक प्रगति देखने को मिली है।
विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के पास एक मजबूत और व्यापक साझेदारी की तस्वीर है। उन्होंने पुतिन को यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में उनसे मिलने के लिए उत्सुक हैं। इसके अलावा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत में पुतिन के स्वागत की भी तैयारी है।
जयशंकर ने संकेत दिया कि दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच आगे भी लगातार संपर्क और बैठकें होती रहेंगी। वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन को भी दोनों नेताओं की सुविधा के अनुसार आयोजित किया जाएगा।
मॉस्को में जयशंकर और पुतिन की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भारत और रूस व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, उर्वरक आपूर्ति और परमाणु सहयोग समेत कई अहम क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। पीएम मोदी का व्यक्तिगत संदेश सौंपे जाने और भविष्य की उच्चस्तरीय बैठकों पर चर्चा ने साफ कर दिया है कि दोनों देश अपनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे भी नई मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi