दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। राजधानी के कई इलाकों में जलभराव होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला, जहां दिल्ली एयरपोर्ट से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत कुल 14 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
तेज बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई और जगह-जगह ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। जखीरा अंडरपास समेत कई इलाकों में वाहन पानी से गुजरते नजर आए।
भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 14 उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान की ताजा जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। मौसम के बिगड़े मिजाज का असर सड़क से लेकर हवाई यातायात तक साफ दिखाई दिया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi