Saturday , November 28 2026

कोटद्वार हादसा: बैंक से लौट रही महिलाओं की यात्रा बनी आखिरी सफर, खाई में गिरा वाहन; आठ की मौत

पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं, जो एक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं।

जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। बैंक का काम पूरा करने के बाद सभी महिलाएं ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

हादसे में वाहन चालक अनिल देवराड़ा निवासी भंगलवाण गांव समेत आठ लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल एक महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वाहन में करीब 12 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में घायल अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक गंभीर घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक टीमें भी मौके के लिए रवाना हुईं। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।

ग्रामीणों, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को खाई से निकालकर आगे की कार्रवाई की गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
– कान्ति देवी (45), पत्नी दिनेश चन्द्र, निवासी भंगलवाड़।
– रेखा देवी (42), पत्नी प्रेम सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– अनिल देवराड़ा (48), पुत्र जयानन्द, निवासी भंगलवाड़ (वाहन चालक)।
– सुमित्रा देवी (50), पत्नी रमेश सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– सुनीता देवी (45), पत्नी मदन सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– धनेश्वरी देवी (46), पत्नी किशन चन्द्र, निवासी भंगलवाड़।
– सरोजनी देवी (38), पत्नी मोहन सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– रजनी देवी (25), निवासी भंगलवाड़।
हादसे में घायल
– शशी देवी (35), पत्नी गजेन्द्र सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– शकुन्तला देवी (45), पत्नी महेन्द्र सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह, निवासी भंगलवाड़।
– सत्यवती देवी (36), पत्नी जगदीश, निवासी भंगलवाड़।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, एयरलिफ्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने हादसे में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Check Also

उत्तराखंड: पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर आई भाजपा, सीएम धामी ने फिर सरकार बनाने का दावा किया

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने उत्तराखंड में धामी सरकार के पांच ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *