Tuesday , September 22 2026

एटा में पति का खौफनाक कदम: पत्नी और सास की हत्या से मचा हड़कंप, बच्चों के सामने हुई वारदात

उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अवागढ़ कस्बे में सोमवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान दो महिलाओं की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास पर नुकीली या भारी वस्तु से हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर में दंपती के तीन बच्चे भी मौजूद थे।

घटना अवागढ़ के यादव नगर मोहल्ले की है। मृतकों की पहचान करीब 35 वर्षीय प्रियंका और उनकी 60 वर्षीय मां कमला देवी के रूप में हुई है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पत्नी और सास पर हमला करने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बच्चों से पूछताछ में भी दोनों के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आई है।

आरोप है कि सोमवार रात विवाद के दौरान व्यक्ति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी और सास पर हमला किया। दोनों महिलाओं के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। हालांकि, मामले में आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पांडेय के मुताबिक, बच्चों के बयानों और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Check Also

राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड की पूरी कहानी: किस तारीख को क्या हुआ, जानें 4 जून से 21 सितंबर तक का घटनाक्रम

राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित चोरी का मामला 4 जून को गणना ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *