Sunday , November 29 2026

उत्तराखंड: मन की बात कार्यक्रम में नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और जनसेवा पर चर्चा, धामी ने जनजागरूकता को बताया जरूरी

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा और कला-संस्कृति के संरक्षण जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता और जनसहभागिता बेहद जरूरी है।
समाज के हर वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और प्रेरणादायी प्रयासों को व्यापक पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनाना भी जरूरी है।
स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार
सीएम धामी ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने से समाज में बेहतर बदलाव लाया जा सकता है।
प्रदेशवासियों से संदेश आत्मसात करने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज व राष्ट्र की उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Check Also

सोनिया गांधी नागरिकता विवाद: दिल्ली पुलिस ने बताया 1983 में मिली भारतीय नागरिकता, 14 दिसंबर को अगली सुनवाई

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले मतदाता सूची ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *