Monday , October 12 2026

UPSSSC Result: कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित, चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा-2021 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार संशोधित 54 रिक्त पदों के सापेक्ष कुल 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। लंबे समय से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, टंकण परीक्षा, पात्रता सत्यापन और अभिलेख परीक्षण के बाद मेरिट के आधार पर चयन सूची को मंजूरी दी गई।

इस भर्ती में चार पद खाली रह गए हैं। आयोग के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के दो और अनुसूचित जनजाति वर्ग के दो पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके। इसके चलते इन चार रिक्तियों पर चयन नहीं किया जा सका। वहीं, अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सभी निर्धारित पदों पर अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है।

वर्गवार परिणाम की बात करें तो अनारक्षित वर्ग के सभी 34 पदों पर चयन हुआ है। अनुसूचित जाति के पांच पदों में से तीन अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि दो पद खाली रह गए। अनुसूचित जनजाति वर्ग के तीन पदों में से केवल एक पद पर चयन हो सका और दो पद रिक्त रह गए। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी सात और ईडब्ल्यूएस वर्ग के सभी पांच पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

गौरतलब है कि कनिष्ठ सहायक भर्ती की प्रक्रिया शुरुआत में 62 पदों के लिए शुरू की गई थी। बाद में अधियाचनकर्ता विभाग से संशोधित विवरण मिलने के बाद रिक्तियों की संख्या में बदलाव किया गया। आयोग ने 26 जुलाई 2024 को संशोधित पदों का विवरण जारी करते हुए कुल रिक्तियां घटाकर 54 कर दी थीं। इस तरह पहले घोषित पदों की तुलना में भर्ती में आठ पद कम हो गए।

अब अंतिम चयन परिणाम जारी होने के बाद चयनित 50 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। आयोग की ओर से अंतिम परिणाम और कटऑफ अंकों को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित विभाग चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा-2021 से जुड़ी लंबे समय से चल रही भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण पूरा हो गया है।

Check Also

कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन को साहित्य का नोबेल, साहसिक लेखन के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

साहित्य के क्षेत्र में वर्ष 2026 का नोबेल पुरस्कार कनाडाई लेखिका ऐन कार्सन (Anne Carson) ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *