उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन आजमगढ़ के निजामाबाद से समाजवादी पार्टी के विधायक आलम बदी के निधन पर सदन में शोक प्रस्ताव पेश किया गया और सभी सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए आलम बदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा का उल्लेख किया। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि आलम बदी का 90 वर्ष की आयु में निधन हुआ। वह आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने गए थे।
मानसून सत्र के पहले दिन सदन में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन भी हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष से सदन में स्वस्थ और सकारात्मक चर्चा करने की अपील करते हुए कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बहस होनी चाहिए।
वहीं, सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी और शिक्षक भर्ती जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। कुछ विधायक प्रतीकात्मक ‘दान पेटी’ लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी ओर, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi