उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कोतवाली देहात क्षेत्र के झौहना गांव के गोसाई पुरवा में 28 वर्षीय बजरंग गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल और दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और दोनों बच्चों को गोली मारी गई, जिसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6:50 बजे की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से दो देशी कट्टे और कई खाली खोखे बरामद किए गए हैं। पूरे घर को सील कर साक्ष्य जुटाए गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, बजरंग गिरी करीब एक माह पहले अपने भाइयों से मिलने मुंबई गए थे और एक सप्ताह पहले ही गांव लौटे थे। घटना से पूरा गांव सदमे में है। मृतक के भाई ने बताया कि परिवार में किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। वहीं, कुछ समय पहले घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में आग लगने की घटना भी हुई थी, लेकिन फिलहाल पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर नहीं देख रही है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल फोन, पारिवारिक संबंध, आर्थिक स्थिति और मुंबई प्रवास सहित सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi