अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। अंतिम साक्षात्कार पूरा होने के बाद अब 16 उम्मीदवारों में से तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। यह पैनल ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद ट्रस्ट तीनों नामों पर विचार कर एक उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगा।
दो सितंबर को हो सकती है घोषणा
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक दो सितंबर को प्रस्तावित है। संभावना है कि इसी बैठक में मंदिर के पहले CEO के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। CEO चयन की प्रक्रिया में सेना के पूर्व अधिकारी, सेवानिवृत्त IAS-IPS अधिकारी और विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके पेशेवर शामिल हैं।
सर्च कमेटी ने परखी नेतृत्व क्षमता
CEO पद के लिए गठित सर्च कमेटी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) वीके चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं। कमेटी ने उम्मीदवारों के प्रशासनिक अनुभव के साथ नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच, तकनीकी समझ और संस्थागत दृष्टिकोण को भी परखा।
अब सर्च कमेटी की चुनौती 16 उम्मीदवारों में से उन तीन नामों का चयन करना है, जिन्हें राम मंदिर की व्यापक प्रशासनिक और प्रबंधकीय व्यवस्था संभालने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाए। अंतिम फैसला ट्रस्ट स्तर पर लिया जाएगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi