Monday , August 3 2026

जंतर-मंतर विवाद पर किशोरी की मां का बयान, PM मोदी का जताया आभार, सुरक्षा की लगाई गुहार

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली किशोरी की मां ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि पीएम मोदी ने सख्त कार्रवाई के बजाय माफ करने का रास्ता चुना, जिससे उनकी बेटी को दूसरा मौका मिला है।

किशोरी की मां ने दावा किया कि घटना के बाद उनकी बेटी को सोशल मीडिया पर लगातार जान से मारने और दुष्कर्म की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से उनका परिवार अपने घर में भी नहीं रह पा रहा है। उन्होंने सरकार से सुरक्षा उपलब्ध कराने और बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की अपील की।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के पिता का निधन हो चुका है और उसे अपने पिता की संपत्ति में कानूनी अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाए।

इस मामले में नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में एक अधिवक्ता की शिकायत पर किशोरी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। चूंकि घटना दिल्ली के जंतर-मंतर की है, इसलिए वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामला आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को भेज दिया गया।

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान इस विवाद का जिक्र करते हुए कहा था कि अपशब्द कहने वाले युवाओं को सजा नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन और दूसरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने समाज से भी अपील की थी कि गुमराह युवाओं को सही रास्ता दिखाने में सहयोग करें।

Check Also

केरल में मानसून का प्रकोप, येलो अलर्ट के बीच 9 जिलों में शिक्षण संस्थान बंद

केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *