Monday , August 3 2026

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू, मंगलवार को पेश होगा अनुपूरक बजट

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। छह अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में सरकार मंगलवार को अनुपूरक बजट पेश करेगी। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है और सदन में कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस के आसार हैं।

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी दलों ने सदन को सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से चलाने पर सहमति जताई। वहीं मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में अनुपूरक बजट को मंजूरी दी जाएगी, जिसके बाद इसे सदन में पेश किया जाएगा।

विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद, छात्रों पर लाठीचार्ज, शिक्षक भर्ती, एक्सप्रेसवे निर्माण में कथित अनियमितताओं समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। वहीं सरकार भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सत्र के पहले दिन दिवंगत सपा विधायक आलम बदी को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। मंगलवार को अनुपूरक बजट पेश होने के साथ अन्य विधायी कार्य होंगे, जबकि बुधवार और बृहस्पतिवार को बजट पर चर्चा और जरूरी विधायी कार्य निपटाए जाएंगे।

इस बार मानसून सत्र की एक खास बात यह भी होगी कि विधानसभा में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलों से सदन की गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप चर्चा करने की अपील की है।

सत्र को देखते हुए विधानभवन और आसपास के पांच किलोमीटर क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, जुलूस और ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

Check Also

यूपी में शिक्षा पर सियासत तेज, अखिलेश बोले- लगातार घट रही छात्रों की संख्या

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *