भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पंजाब इंटर-जिला सीनियर वनडे टूर्नामेंट में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार दोहरा शतक जड़ दिया। अमृतसर के गांधी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में उन्होंने 91 गेंदों पर 233 रन की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 220 रन की बड़ी जीत दिलाई।
अभिषेक ने अपनी पारी में 15 चौके और 25 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 256.04 रहा। उन्होंने अभय चौधरी (93 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 305 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत अमृतसर की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 533 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
534 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तरनतारन की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 313 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अर्शदीप सिंह (108) और मनप्रीत सिंह संधू (62) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
बल्लेबाजी के अलावा अभिषेक ने गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 9 ओवर में 71 रन देकर 2 विकेट लिए और अर्शदीप सिंह व करणवीर सिंह ढिल्लों को आउट किया। वहीं, अमृतसर की ओर से प्रथमपाल सिंह वालिया ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।
हाल के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा के लिए यह पारी आत्मविश्वास बढ़ाने वाली मानी जा रही है। जिम्बाब्वे और इंग्लैंड के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले अभिषेक ने इस दोहरे शतक के साथ दमदार वापसी के संकेत दिए हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi