Saturday , August 22 2026

रिकॉर्ड गिरावट: मस्क की नेटवर्थ में ₹33 लाख करोड़ से ज्यादा की कमी, दुनिया के दूसरे सबसे अमीर की कुल संपत्ति से भी ज्यादा

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की नेटवर्थ में एक सप्ताह के भीतर रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। उनकी कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में 16% की गिरावट आने के बाद मस्क की कुल संपत्ति करीब 350 बिलियन डॉलर (33.13 लाख करोड़ रुपए) घट गई है।

फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट के अनुसार, स्पेसएक्स के शेयरों में गिरावट के बाद इलॉन मस्क की नेटवर्थ 1.45 ट्रिलियन डॉलर से घटकर 1.1 ट्रिलियन डॉलर रह गई है। यह गिरावट इतनी बड़ी है कि इसका आकार दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति लैरी पेज की कुल संपत्ति से भी अधिक बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि महज 12 दिन पहले स्पेसएक्स की अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद इलॉन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने थे। लिस्टिंग के शुरुआती तीन कारोबारी सत्रों में कंपनी के शेयर 67% तक उछले थे, जिससे स्पेसएक्स की वैल्यूएशन 1.8 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गई थी।

हालांकि, शुरुआती तेजी के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार तीन दिनों तक बिकवाली देखने को मिली। इसके चलते स्पेसएक्स की मार्केट वैल्यू करीब 928 बिलियन डॉलर (87.84 लाख करोड़ रुपए) घट गई। कंपनी की कुल वैल्यूएशन भी 2.9 ट्रिलियन डॉलर के उच्च स्तर से गिरकर करीब 2 ट्रिलियन डॉलर पर आ गई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, स्पेसएक्स द्वारा एआई विस्तार योजनाओं के लिए 20 बिलियन डॉलर जुटाने हेतु पहली इन्वेस्टमेंट-ग्रेड बॉन्ड ऑफरिंग की घोषणा के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी। बाजार को आशंका है कि एआई सेक्टर में बढ़ते निवेश का दबाव टेक कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन पर असर डाल सकता है।

इसका असर वैश्विक शेयर बाजारों पर भी देखने को मिला। नैस्डैक, निक्केई, हैंगसेंग और कोस्पी जैसे प्रमुख सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। भारतीय बाजार में भी सेंसेक्स और निफ्टी दबाव में रहे।

इससे पहले वर्ष 2022 में टेस्ला के शेयरों में गिरावट के दौरान भी इलॉन मस्क की संपत्ति में 165 बिलियन डॉलर की कमी आई थी, जो उस समय किसी व्यक्ति द्वारा गंवाई गई सबसे बड़ी व्यक्तिगत संपत्ति मानी गई थी।

Check Also

Gold-Silver Price Hike: कमजोर डॉलर ने बढ़ाई चमक, सोने में 4,300 और चांदी में 10 हजार रुपये का उछाल

नई दिल्ली में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *