Monday , July 27 2026

पॉलिटेक्निक रिजल्ट घोषित: 93.42% परीक्षार्थी पास, नियम तोड़ने पर 896 छात्रों की कॉपियों में जीरो अंक

उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद (बीटीईयूपी) ने मई-जून 2026 में आयोजित सम सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाओं का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया। इस बार अंतिम सेमेस्टर डिप्लोमा इंजीनियरिंग का परिणाम 93.42 प्रतिशत रहा, जबकि फार्मेसी पाठ्यक्रम का उत्तीर्ण प्रतिशत 62.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट bteup.ac.in पर उपलब्ध करा दिया गया है।

इस वर्ष 4 मई से 5 जून के बीच प्रदेश के 236 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की गईं। कुल 2,68,686 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इनमें से 1,24,671 छात्र-छात्राएं सेमेस्टर प्रणाली, 1,27,304 वार्षिक परीक्षा तथा 7,784 विशेष बैक पेपर परीक्षा में शामिल हुए। परिषद ने बताया कि 194 छात्रों का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 896 छात्रों को संबंधित विषय में शून्य अंक दिए गए हैं।

परिषद के अनुसार, इन छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं पर अपना मोबाइल नंबर या अन्य पहचान संबंधी जानकारी लिख दी थी। परीक्षा नियमों के तहत उत्तर पुस्तिका पर किसी भी प्रकार का पहचान चिन्ह या व्यक्तिगत विवरण लिखना अनुचित माना जाता है। इसी कारण संबंधित विषय में इन अभ्यर्थियों को जीरो अंक देने का निर्णय लिया गया।

मेरिट सूची में इस बार छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। अंतिम सेमेस्टर और फार्मेसी दोनों की टॉप-10 सूची में 8-8 स्थान छात्राओं ने हासिल किए, जिससे तकनीकी शिक्षा में बेटियों की मजबूत भागीदारी एक बार फिर सामने आई।

इंजीनियरिंग स्ट्रीम में महामाया पॉलिटेक्निक ऑफ आईटी, महाराजगंज के आशुतोष प्रजापति ने 86.18 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी की पूजा सिंह 85.62 प्रतिशत के साथ दूसरे और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, अमेठी की अनुष्का सिंह 85.38 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

फार्मेसी वर्ग में रामेश्वरम फार्मेसी कॉलेज, सीतापुर की दिव्यांशी शुक्ला ने 84.35 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीआरसी महाविद्यालय, बाराबंकी की जूली देवी 82.87 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और राजकीय पॉलिटेक्निक, जौनपुर के अभिषेक यादव 82.61 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

इस बार परिणाम में एक और खास उपलब्धि दर्ज हुई। पहली बार राजकीय पॉलिटेक्निक जौनपुर और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक प्रयागराज ने फार्मेसी की टॉप-10 सूची में अपनी जगह बनाई है। परिषद ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए नियमों का कड़ाई से पालन जारी रहेगा।

Check Also

सुप्रीम कोर्ट में NEET-SS मामला, FMGE डॉक्टरों की काउंसलिंग रुकी; DM एडमिशन नियमों पर भी सवाल

मेडिकल शिक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों को लेकर डॉक्टरों और छात्रों की चिंता बढ़ती ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *