राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव से जिला जेल में लंबी पूछताछ की है। जांच एजेंसियां अब दोनों की कस्टडी रिमांड लेकर चोरी की रकम, उसके निवेश और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम राज खोलने की तैयारी में हैं।
गुरुवार सुबह विवेचक एवं सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी पुलिस टीम के साथ जिला जेल पहुंचे, जहां करीब डेढ़ घंटे तक दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की गई। इस दौरान चोरी की रकम के निवेश, उससे खरीदी गई संपत्तियों और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान कुछ नई जमीनों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अहम इनपुट मिले हैं। पुलिस अब राजस्व विभाग के रिकॉर्ड से इन जानकारियों का सत्यापन कर रही है। साथ ही चोरी की रकम के इस्तेमाल और पूरे नेटवर्क से जुड़े साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।
जांच एजेंसियों का मानना है कि कस्टडी रिमांड मिलने के बाद मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की रकम के ठिकाने, निवेश और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और नई बरामदगी सामने आएगी। फिलहाल सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस जल्द ही अदालत में कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन करेगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi