Tuesday , September 15 2026

यूपी की राजधानी में गैंगरेप से सनसनी, अगवा कर किशोरी से दरिंदगी; पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, हरदोई निवासी किशोरी अपने परिवार के साथ अलीगंज में किराये के मकान में रहती है और नौवीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार शाम वह सहेली के घर से लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में कार सवार तीन युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और एक कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट की और घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद देर रात अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पूर्व मकान मालिक का बेटा निकला मुख्य आरोपी

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व मकान मालिक के बेटे जतिन बाजपेई, उसके साथी दीपक और एक अन्य आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले जतिन और दीपक को गिरफ्तार किया तथा घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली।

पूछताछ के दौरान तीसरे आरोपी विंध्यवासिनी पांडेय, जो प्रयागराज का रहने वाला और एलएलबी का छात्र है, को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात उसी के किराये के कमरे में अंजाम दी गई थी।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि जतिन और दीपक के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। जतिन और दीपक पर वर्ष 2021 में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ था, जबकि दीपक के खिलाफ वर्ष 2026 में पत्नी से मारपीट का मामला भी दर्ज है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

लखनऊ में हैरान करने वाली वारदात: मोबाइल की EMI के लिए युवक को बनाया बंधक, पांच दिन तक कराया काम

लखनऊ में मोबाइल की किस्त बकाया होने पर एक युवक को कथित तौर पर घर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *