Wednesday , August 5 2026

PM मोदी बोले- तुष्टिकरण की राजनीति से बंगाल पीछे गया, अब चाहिए कानून का राज

पश्चिम बंगाल के हुगली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस, वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका विरोध करते हुए स्पष्ट कर दिया था कि पूरा बंगाल पाकिस्तान में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब बंगाल की आवाज को मजहबी एजेंडे के जरिए दबाने की कोशिश हो रही थी, तब कांग्रेस षड्यंत्रकारियों के सामने झुकी हुई थी। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रयासों के कारण ही बंगाल का बड़ा हिस्सा भारत का अभिन्न अंग बना रहा।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, वामपंथी दलों और बाद में तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को अवैध घुसपैठियों का अड्डा बनने दिया। उन्होंने कहा कि जिन नीतियों से राज्य का विकास होना चाहिए था, उनकी जगह तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिससे बंगाल विकास की दौड़ में पिछड़ता चला गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब राज्य में कानून का राज स्थापित करने और विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और लंबे समय से लंबित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। पश्चिम बंगाल के 45 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में करीब 900 करोड़ रुपये भेजे गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने हावड़ा के संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया, 300 बेड के नए रेलवे अस्पताल की आधारशिला रखी और पूर्व मेदिनीपुर में एक रोड ओवरब्रिज परियोजना का शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री का यह दौरा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पहला दौरा माना जा रहा है। रविवार को वह कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और भारतीय नौसेना के तीन स्वदेशी युद्धपोतों को भी सेवा में शामिल करेंगे।

Check Also

सुनेत्रा पवार पर विवादित टिप्पणी से बढ़ा राजनीतिक तापमान, कांग्रेस और NCP के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को लेकर कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *