Sunday , June 21 2026

शाम तक की थी अनुमति, फिर भी धरने पर डटे प्रदर्शनकारी; सरकार पर साधा निशाना

NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक की अनुमति होने के बावजूद पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके समेत कई प्रदर्शनकारी देर शाम तक धरनास्थल पर डटे रहे।

प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। समय सीमा समाप्त होने के बाद दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने को कहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन की अवधि बढ़ाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर विरोध जारी रखा, जबकि पुलिस उन्हें हटाने का प्रयास करती रही।

अभिजीत दीपके ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि थाली बजाने से कोरोना के खिलाफ जागरूकता फैलाई जा सकती है, तो शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के लिए भी यही तरीका अपनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चाहे गिरफ्तारी हो या लाठीचार्ज, प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटेंगे।

प्रदर्शन स्थल पर NEET पेपर लीक मामले से जुड़े और आत्महत्या करने वाले छात्रों की तस्वीरों वाले पोस्टर भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग की।

सोशल एक्टिविस्ट और शिक्षा सुधार के समर्थक भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने पोस्टर, तिरंगे और पार्टी के झंडों के साथ सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

CJP का दावा है कि पिछले 38 दिनों में NEET परीक्षा और उससे जुड़े विवादों के कारण 14 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। पार्टी लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रभावित छात्रों के लिए न्याय की मांग कर रही है।

Check Also

उत्तराखंड में अतिक्रमण पर एक्शन: सिंचाई विभाग की जमीन पर बनी मजार तोड़ी गई

उत्तराखंड में अवैध मजार पर चला बुलडोजर: सिंचाई विभाग की जमीन से हटाया अतिक्रमण, भारी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *