Thursday , August 6 2026

विपक्ष पर भाजपा का हमला, कहा- राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया जा रहा तनाव

उत्तराखंड में भाजपा नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ विपक्ष के हालिया प्रदर्शनों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने विपक्ष पर जानबूझकर टकराव का माहौल बनाने और सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है।

शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और उसके कार्यकर्ता अनुशासित तरीके से लोकतांत्रिक विरोध में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी विपक्ष की तरह जबरन टकराव की स्थिति पैदा नहीं करती।

परिहार ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन किसी नेता या मंत्री की गाड़ी के आगे लेटना, रास्ता रोकना या अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना लोकतांत्रिक विरोध नहीं है। यह एक विकृत राजनीतिक संस्कृति है, जिसका उत्तराखंड जैसे शांतिपूर्ण राज्य में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

भाजपा महामंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और बढ़ती लोकप्रियता से विपक्ष हताश है। इसी वजह से वह राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे हथकंडे अपना रहा है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार भाजपा सरकार के कामों पर भरोसा जता रही है, जिससे विपक्ष बौखलाहट में इस तरह के कदम उठा रहा है।

कुंदन परिहार ने विपक्ष को मर्यादा में रहने की नसीहत देते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति शालीनता और सभ्यता की रही है। यहां गाली-गलौज, हिंसक विरोध और अभद्र व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की घटनाओं से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है और विपक्ष को ऐसी राजनीति से बचना चाहिए।

Check Also

यूपी मानसून सत्र: सीएम योगी बोले- सदन में विपक्ष का रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ, विकास रोकना चाहता है विपक्ष

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन भी विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *