Sunday , October 11 2026

भारत की सैन्य कार्रवाई पर बनी डॉक्यू सीरीज से बौखलाया पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बढ़ी हलचल

Discovery की दो भागों वाली डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘Declassified: Operation Sindoor’ के प्रसारण के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बार फिर नैरेटिव की जंग तेज हो गई है। 15 अगस्त 2026 को रिलीज हुई इस डॉक्यूसीरीज में ऑपरेशन सिंदूर की योजना, तैयारियों और सैन्य कार्रवाई से जुड़े भारतीय वरिष्ठ सैन्य एवं सुरक्षा अधिकारियों के अनुभवों को शामिल किया गया है।

डॉक्यूमेंट्री में भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को पहलगाम आतंकी हमले के बाद की गई लक्षित सैन्य कार्रवाई के तौर पर पेश किया गया है। इसमें ऑपरेशन से जुड़े फैसलों और सैन्य रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई है। सीरीज के प्रसारण के बाद पाकिस्तान की सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

ISPR ने डॉक्यूमेंट्री पर उठाए सवाल

पाकिस्तानी सेना ने डॉक्यूमेंट्री को भारत के पक्ष में तैयार किया गया एकतरफा और अत्यधिक नाटकीय प्रस्तुतीकरण बताया। ISPR का कहना है कि सीरीज में घटनाओं को चुनिंदा तरीके से पेश किया गया और सैन्य कार्रवाई के वास्तविक घटनाक्रम को भारत के पक्ष में दिखाने की कोशिश की गई। पाकिस्तान की ओर से डॉक्यूमेंट्री को ‘फैक्चुअली इनएक्युरेट’ यानी तथ्यात्मक रूप से गलत भी बताया गया है।

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ ने भी डॉक्यूमेंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से देर रात जारी किए गए बयान में डॉक्यूमेंट्री की कहानी और उसके प्रस्तुतिकरण पर सवाल उठाए गए।

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर फिर आमने-सामने दोनों देश

ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुई थी। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच कई दिनों तक सैन्य टकराव हुआ और 10 मई को संघर्ष रोकने पर सहमति बनी।

अब एक साल से ज्यादा समय बाद आई डॉक्यूसीरीज ने उस सैन्य कार्रवाई को लेकर भारत और पाकिस्तान के अलग-अलग दावों को फिर चर्चा में ला दिया है। डॉक्यूमेंट्री में भारतीय अधिकारियों और सैन्य नेतृत्व के हवाले से ऑपरेशन की योजना और उसके क्रियान्वयन का पक्ष सामने रखा गया है।

पाकिस्तान ने दोहराए अपने पुराने दावे

ISPR ने डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिक्रिया देते हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत को हुए कथित नुकसान से जुड़े पाकिस्तान के पुराने दावों को भी दोहराया है। पाकिस्तान का कहना है कि डॉक्यूमेंट्री में उसके दावों और युद्ध के दौरान हुई घटनाओं को सही तरीके से पेश नहीं किया गया।

वहीं, भारत की ओर से पाकिस्तान के कई दावों को पहले ही खारिज किया जा चुका है। ऐसे में डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण के बाद दोनों देशों के बीच 2025 के सैन्य टकराव की अलग-अलग व्याख्याओं को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।

भविष्य में कार्रवाई पर पाकिस्तान की चेतावनी

डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिक्रिया के दौरान पाकिस्तान की सेना ने भविष्य में किसी भी भारतीय सैन्य कार्रवाई को लेकर चेतावनी भी दी। ISPR ने कहा कि पाकिस्तान अपनी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए तैयार है और भविष्य में किसी भी सैन्य कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ 2025 की सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि दोनों देशों के बीच सूचना और नैरेटिव की लड़ाई का मुद्दा भी बन गया है। Discovery की डॉक्यूसीरीज ने इस बहस को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है।

Check Also

पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला: पीछे से खींचकर गिराया, फिर बेरहमी से पीटा; जांच में जुटी पुलिस

राजधानी दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ इंडिया ब्लॉक और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *