Tuesday , September 15 2026

अग्निवीर बनने का मौका, उत्तराखंड में 27 जुलाई से भर्ती रैली; JCO और हवलदार पद भी शामिल

भारतीय सेना ने उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। भर्ती अभियान 27 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित होगा। इस दौरान अग्निवीर के विभिन्न वर्गों के अलावा जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO), हवलदार और अन्य पदों के लिए भी भर्ती की जाएगी।

सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तय कार्यक्रम के अनुसार भर्ती रैलियां आयोजित होंगी। 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक (JCO) और हवलदार एजुकेशन पदों के लिए भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) व सिपाही फार्मा पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

इसके बाद 30 जुलाई से 6 अगस्त तक बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा समेत विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से भर्ती रैलियां आयोजित होंगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।

इस बार अग्निवीर भर्ती को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने की उम्मीद है। इसकी वजह धामी सरकार की वे घोषणाएं हैं, जिनमें अग्निवीर सेवा पूरी करने वाले युवाओं को समूह ‘ग’ की सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का प्रावधान किया गया है।

सेना ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या दलालों के झांसे में न आएं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

Check Also

ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेल: तीनों में क्या अंतर, भारत के लिए एशियाई खेलों की क्या अहमियत?

एशियाई खेलों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *