नेपाल ने करीब एक दशक बाद भारतीय 200 और 500 रुपये के नोटों पर लगी पाबंदी हटा दी है। अब भारतीय और नेपाली नागरिक 9 नवंबर 2016 के बाद जारी हुए 200 और 500 रुपये के नोट अधिकतम 25,000 रुपये तक नेपाल ला और ले जा सकेंगे।
नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) ने स्पष्ट किया है कि यह अनुमति केवल नए डिजाइन वाले नोटों पर लागू होगी। वहीं, 9 नवंबर 2016 से पहले जारी 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट अब भी नेपाल में प्रतिबंधित रहेंगे।
NRB के अनुसार, नेपाली नागरिक भारत के अलावा किसी तीसरे देश से भारतीय मुद्रा नेपाल नहीं ला सकेंगे और न ही भारत के अलावा किसी अन्य देश में भारतीय मुद्रा ले जा सकेंगे। इस फैसले से नेपाल आने वाले भारतीय पर्यटकों और भारत के साथ व्यापार करने वाले नेपाली नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विदेशी मुद्रा नियमों के तहत बिना कस्टम घोषणा के 5,000 अमेरिकी डॉलर या उसके बराबर विदेशी मुद्रा नेपाल लाई जा सकती है। इससे अधिक राशि होने पर कस्टम विभाग में घोषणा करना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि भारत में 8 नवंबर 2016 की नोटबंदी के बाद नेपाल ने 100 रुपये से अधिक मूल्य वाले भारतीय नोटों के इस्तेमाल और प्रवेश पर रोक लगा दी थी। अब नए नियम लागू होने से भारत-नेपाल के बीच यात्रा, व्यापार और सीमा पार लेनदेन पहले की तुलना में अधिक आसान होने की उम्मीद है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi